Wednesday, October 21st, 2026

BJP को केरल में रफ्तार देंगे 'मेट्रो मैन' श्रीधरन, चुनाव भी लड़ेंगे, बताया- क्यों जा रहे भगवा दल में

कोच्चि 
मेट्रो के प्रोजेक्ट्स को गति देने वाले ई. श्रीधरन अब बीजेपी को रफ्तार देते नजर आएंगे। 'मेट्रो मैन' के नाम से मशहूर ई. श्रीधरन ने बीजेपी जॉइन करने का फैसला लिया है। इस बारे में बताते हुए ई. श्रीधरन ने कहा कि मैंने बीजेपी जॉइन करने की इच्छा जाहिर की है। वह 21 फरवरी को केरल बीजेपी चीफ के. सुरेंद्रन की मौजूदगी में पार्टी का दामन थामेंगे। इसी दिन पार्टी ने केरल में विजय यात्रा निकालने का फैसला लिया है। इस यात्रा के दौरान ई. श्रीधरन पार्टी में शामिल होंगे। मेट्रो मैन ने बीजेपी में शामिल होने के बारे में बताते हुए यह भी जानकारी दी है कि आखिर उन्होंने भगवा पार्टी को ही क्यों चुना है। श्रीधरन ने कहा कि मैं केरल के लिए कुछ करना चाहता हूं और इसके लिए मैंने बीजेपी के साथ जाने का फैसला लिया है। मैंने यह भी कहा है कि मैं चुनाव लड़ने के लिए तैयार हूं। श्रीधरन के पार्टी में शामिल होने को लेकर केरल बीजेपी के चीफ के. सुरेंद्रन ने कहा कि हम उनका स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा, 'मुझे ई. श्रीधरन का पार्टी में स्वागत करने पर खुशी हो रही है। उन पर लोगों का काफी विश्वास है और उनका बड़ा कद है। उनके जैसे लोगों का बीजेपी से जुड़ना यह दिखाता है कि लोगों का पीएम नरेंद्र मोदी के विकास के अजेंडे पर विश्वास है।'

यही नहीं सुरेंद्रन ने कहा कि हमें उम्मीद है कि मेट्रो मैन के साथ हम आगे बढ़ सकेंगे और केरल को उसका गौरव दिला सकेंगे। दरअसल, मेट्रो मैन के नाम से मशहूर ई श्रीधरन को कोलकाता मेट्रो से लेकर दिल्ली मेट्रो तक में अहम योगदान के लिए जाना जाता है। मेट्रो जैसे क्रांतिकारी परिवहन माध्यम में उनके इन्हीं योगदानों की वजह से साल 2001 में उन्हें पद्म श्री और 2008 में पद्म विभूषण अवार्ड से सम्मानित किया गया। इतना ही नहीं विकास कार्यों में इनके योगदान को देखते हुए फ्रांस सरकार ने भी साल 2005 में इन्हें 'Chavalier de la Legion d’honneur' अवार्ड से सम्मानित किया था। इसके अलावा, अमेरिका की विश्व प्रसिद्ध पत्रिका टाइम मैग्जीन भी इन्हें ‘एशिया का हीरो’ का टाइटल दिया था। 

 

#BJP

Source : Agency

पाठको की राय